छत्तीसगढ़

शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी पर पूरे प्रदेश को है गर्व : मुख्यमंत्री साय

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की शहादत को नमन करते हुए कहा कि शहीद कर्नल का पूरा परिवार तीन पीढ़ियों से देश सेवा कर रहा है। पूरे प्रदेश एवं रायगढ़ के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। मुख्यमंत्री साय ने उनके पूरे परिवार के बलिदान को नमन किया। वे शुक्रवार को रायगढ़ जिले में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम परिसर में स्थापित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा अनावरण कर कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, कर्नल विप्लव त्रिपाठी के पिता सुभाष त्रिपाठी, माता श्रीमती आशा त्रिपाठी, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव भी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि पिछले दिनों रायगढ़ प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के परिजनों से कहा था कि जब भी आप शहीद कर्नल त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे, मैं जरूर आउंगा। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को रायगढ़ में शहीद कर्नल त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रायगढ़ के इस सपूत की वीरता की कहानियां रगो में जोश भर देती है। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी देशभक्ति और कर्तव्यपरायणता के मिसाल थे। उन्होंने देश के दुश्मनों का डटकर मुकाबला किया और कर्तव्य पालन में कभी रुके नही, थके नहीं। जब आतंकवादियों ने हमला किया तो आखिरी गोली तक वे दुश्मनों से लड़ते हुए शहीद हो गए। साय ने कहा कि वे ऐसे जबांज शेर थे जिनका सामना करने में देश के दुश्मन घबराते थे, इसलिए आतंकवादियों ने उन्हें एम्बुस में फंसाकर हमला किया। दुश्मनों से लड़ाई करते हुए वे अपनी पत्नी अनुजा और बेटे अबीर के साथ वीरगति को प्राप्त हुए। उनके शहादत पर रायगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे देश और प्रदेश को नाज है। मुख्यमंत्री साय ने शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम के जल्द कायाकल्प करने का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button